नई दिल्ली, 30 अप्रैल।
अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार में अस्थिरता की आशंका और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के चलते घरेलू शेयर बाजार में गुरुवार को शुरुआती कारोबार दबाव में रहा। दिन की शुरुआत गिरावट के साथ हुई और बाजार खुलते ही बिकवाली तेज हो गई, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों में कमजोरी बढ़ती चली गई।
हालांकि शुरुआती गिरावट के बाद कुछ समय के लिए निवेशकों ने खरीदारी का रुख अपनाते हुए बाजार को सहारा देने की कोशिश की, लेकिन भारी बिकवाली के दबाव के कारण दोनों प्रमुख सूचकांक लगातार नीचे की ओर फिसलते रहे। पहले एक घंटे के कारोबार के बाद सेंसेक्स में 1.37 प्रतिशत और निफ्टी में 1.43 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की जा रही थी।
इस दौरान प्रमुख शेयरों में बजाज फाइनेंस, कोल इंडिया, विप्रो, सिप्ला और बजाज फिनसर्व के शेयर 2.91 प्रतिशत से 0.50 प्रतिशत तक की बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए। दूसरी ओर इंटरग्लोब एवियशन, डॉ. रेड्डीज लैबोरेट्रीज, एनटीपीसी, आईसीआईसीआई बैंक और बजाज फिनसर्व के शेयर 3.83 प्रतिशत से 2.57 प्रतिशत तक टूटकर लाल निशान में बने रहे।
शुरुआती कारोबार में कुल 2,963 शेयरों में लेन-देन हुआ, जिनमें 1,406 शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में रहे, वहीं 1,547 शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार करते दिखे। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से केवल चार शेयरों में तेजी रही, जबकि 26 शेयर दबाव में रहे। निफ्टी के 50 शेयरों में से नौ में मजबूती और 41 में गिरावट दर्ज की गई।
बीएसई का सेंसेक्स 482.15 अंक की गिरावट के साथ 77,014.21 अंक पर खुला। कारोबार शुरू होते ही बिकवाली बढ़ने से यह सूचकांक जल्द ही 76,502.16 अंक तक लुढ़क गया। इसके बाद कुछ समय के लिए खरीदारी बढ़ने से इसमें हल्का सुधार हुआ, लेकिन थोड़ी देर बाद फिर से गिरावट का दबाव हावी हो गया।
लगातार बिकवाली के कारण सेंसेक्स 76,358.73 अंक तक फिसल गया। इसके बाद दोबारा खरीदारी का प्रयास हुआ, जिससे इसमें सीमित सुधार देखा गया। सुबह 10:15 बजे तक पहले एक घंटे के कारोबार के बाद सेंसेक्स 1,064.42 अंक टूटकर 76,431.94 अंक पर कारोबार कर रहा था।
एनएसई का निफ्टी भी गिरावट के साथ 180.70 अंक नीचे 23,996.95 अंक पर खुला। शुरुआती समय में बिकवाली के दबाव के चलते यह सूचकांक 23,872 अंक तक गिर गया। इसके बाद कुछ समय के लिए खरीदारी बढ़ने से स्थिति में मामूली सुधार हुआ, लेकिन जल्द ही फिर से बिकवाली हावी हो गई।
पहले घंटे के कारोबार के अंत तक सुबह 10:15 बजे निफ्टी 346.30 अंक की गिरावट के साथ 23,831.35 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आया।
इससे पहले बुधवार को बाजार मजबूती के साथ बंद हुआ था। सेंसेक्स 609.45 अंक यानी 0.79 प्रतिशत की बढ़त के साथ 77,496.36 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 181.95 अंक यानी 0.76 प्रतिशत की तेजी के साथ 24,177.65 अंक पर बंद हुआ था।






.jpg)





