कोलकाता, 01 मई।
पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों में शुक्रवार से अगले सप्ताह तक बारिश होने की संभावना जताई गई है। अलीपुर स्थित भारत मौसम विज्ञान विभाग के मौसम कार्यालय के अनुसार उत्तर और दक्षिण बंगाल के कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के अनेक जिलों में पूरे सप्ताह वर्षा की स्थिति बनी रहने का अनुमान है। शुक्रवार को कोलकाता, हावड़ा और हुगली में आसमान बादलों से ढका रह सकता है, जहां गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। शनिवार को मौसम में कुछ राहत मिलने के आसार हैं, लेकिन रविवार से बारिश की तीव्रता फिर बढ़ सकती है।
अगले सप्ताह बुधवार और गुरुवार को बारिश और अधिक तेज होने की संभावना जताई गई है, जिससे दिन के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना और पूर्व मेदिनीपुर जिलों में शुक्रवार से रविवार के बीच भारी वर्षा का पूर्वानुमान है, वहीं बाँकुड़ा, पुरुलिया और झाड़ग्राम जैसे पश्चिमी जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश की स्थिति बन सकती है।
उत्तर बंगाल के जिलों के लिए भी भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। दार्जिलिंग और कालिम्पोंग में शुक्रवार से रविवार तक लगातार बारिश होने की संभावना है। जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार जिलों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है, जहां जलपाईगुड़ी में शुक्रवार को अधिक बारिश तथा अलीपुरद्वार और कूचबिहार में शुक्रवार से रविवार तक भारी वर्षा की संभावना है।
मालदा तथा उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर जिलों में मध्यम स्तर की बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया गया है।












