मौसम
29 Apr, 2026

पश्चिम बंगाल में मतदान के बीच मौसम का कहर, कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

पश्चिम बंगाल में मतदान के दौरान मौसम विभाग ने आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया, दक्षिण और उत्तर बंगाल के कई जिलों में तेज हवाओं और भारी वर्षा की संभावना जताई गई।

कोलकाता, 29 अप्रैल।

पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान के दिन बुधवार सुबह से ही कोलकाता सहित आसपास के जिलों में आसमान बादलों से घिरा रहा। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार राज्य के विभिन्न हिस्सों में आंधी और बारिश की शुरुआत हो चुकी है। हालांकि सभी क्षेत्रों में एक साथ वर्षा नहीं हो रही है, फिर भी दक्षिण बंगाल के सात जिलों में मतदाता बारिश के बीच कतारों में खड़े होकर मतदान करते नजर आए।

अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण बंगाल के हुगली और पश्चिम मेदिनीपुर जिलों में सात से 11 सेंटीमीटर तक भारी बारिश की संभावना है। वहीं उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में भी तेज वर्षा का पूर्वानुमान है। अन्य जिलों में हल्की बारिश के साथ आंधी चलने की संभावना जताई गई है। पूरे राज्य में एक सप्ताह तक आंधी-बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज होगी।

गुरुवार को भी दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में आंधी-बारिश की संभावना बनी रहेगी। दक्षिण 24 परगना और पश्चिम मेदिनीपुर में भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर 24 परगना, पूर्व और पश्चिम बर्धमान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और नदिया में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिसके चलते इन जिलों में भी ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है।

कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के अन्य जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और हल्की बारिश की चेतावनी दी गई है। अनुमान है कि मंगलवार तक दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में कालबैशाखी जैसी मौसमीय स्थिति बनी रह सकती है।

आंधी-बारिश के चलते अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट संभव है। इसके बाद अगले पांच दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। समुद्र में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के कारण मछुआरों को शनिवार तक पश्चिम बंगाल और उत्तरी ओडिशा तट पर समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में बुधवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में भी आंधी-बारिश की चेतावनी प्रभावी है। सभी आठ जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

गुरुवार को भी जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी रहेगा। इन क्षेत्रों में रविवार तक रुक-रुककर भारी बारिश होने की संभावना है। हालांकि शुक्रवार के बाद मौसम में आंशिक सुधार की उम्मीद जताई गई है और ऑरेंज अलर्ट की स्थिति समाप्त हो सकती है।

शनिवार से उत्तर बंगाल में आंधी-बारिश की तीव्रता कम होने लगेगी, लेकिन मंगलवार तक हल्की बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलती रह सकती हैं। उत्तर बंगाल के सभी आठ जिलों में मंगलवार तक येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

28° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़