राजगढ़, 01 मई।
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में ब्यावरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ढकोरा जोड़ के समीप गुरुवार रात एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित पेड़ से टकरा गई, जिसमें बाइक सवार दो रिश्तेदारों की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती रात ढकोरा जोड़ के पास यह दुर्घटना उस समय हुई जब बाइक सवार वाहन पर नियंत्रण बनाए रखने में असफल रहे और अत्यधिक गति के कारण बाइक सीधे पेड़ से जा टकराई। हादसे में हरीप्रसाद (35) पुत्र कन्हैयालाल लोधा, निवासी गांगाहोनी थाना सुठालिया, तथा नरेश (25) पुत्र लालचंद लोधा, निवासी तलावड़ामहाराजा थाना मलावर की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। बताया गया है कि दोनों ब्यावरा से अपने-अपने गांव की ओर लौट रहे थे, तभी यह भीषण टक्कर हो गई।
सूचना प्राप्त होते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल ब्यावरा भेज दिया गया। दोनों मृतक आपस में रिश्तेदार थे और उनके दो-दो छोटे बच्चे भी हैं। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। यह दुर्घटना तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन संचालन के गंभीर परिणामों की ओर संकेत करती है।











