भाेपाल, 01 मई।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को बुद्ध पूर्णिमा एवं अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस (मई दिवस) के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं प्रेषित कीं और भगवान बुद्ध के संदेशों को जीवन में अपनाने के साथ-साथ श्रमिक वर्ग के योगदान को नमन करते हुए उनके कल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोशल मीडिया मंच पर बुद्ध पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान गौतम बुद्ध का जीवन आत्मानुशासन, सहिष्णुता और करुणा का संदेश देता है तथा सांची स्तूप उनकी शिक्षाओं की अमूल्य विरासत का प्रतीक है, जो विश्व को शांति और सहअस्तित्व की प्रेरणा प्रदान करता है। उन्होंने सभी नागरिकों से उनके आदर्शों को आत्मसात कर समाज में सद्भाव और समरसता को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
एक अन्य संदेश में मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर श्रमिकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सशक्त श्रमिक ही समृद्ध मध्य प्रदेश की आधारशिला हैं। उन्होंने श्रमिक वर्ग के परिश्रम को प्रदेश के विकास की मजबूत नींव बताते हुए उनके सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए सरकार की निरंतर प्रतिबद्धता को दोहराया।









