हुगली, 01 मई।
हुगली जिले के गोघाट स्थित रघुबाती मोड़ क्षेत्र में शुक्रवार को एक सड़क दुर्घटना में एक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा उस समय हुआ जब एक खड़ी डंपर गाड़ी को पीछे से एक चारपहिया वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी।
स्थानीय जानकारी के अनुसार, सड़क किनारे एक डंपर पहले से खड़ा हुआ था। उसी दौरान आरामबाग की दिशा से आ रही एक कार चालक ने नियंत्रण खो दिया और सीधे खड़े डंपर के पिछले हिस्से से टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई तथा उसमें सवार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
सूचना मिलने पर गोघाट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को तत्काल कामारपुकुर अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक आकलन में तेज रफ्तार या लापरवाही को संभावित कारण माना जा रहा है।
इस हादसे के चलते कुछ समय के लिए क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बाधित रही, जिसे बाद में पुलिस ने नियंत्रित कर सामान्य कर दिया।












