दक्षिण 24 परगना, 01 मई।
दक्षिण 24 परगना जिले के कैनिंग क्षेत्र में ईवीएम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई है। राजधानी कोलकाता में स्ट्रॉन्गरूम सुरक्षा को लेकर जारी विवाद के बीच बंकिम सरदार कॉलेज स्थित स्ट्रॉन्गरूम में अचानक बिजली बाधित होने की घटना ने राजनीतिक हलचल को और तेज कर दिया।
जानकारी के अनुसार कैनिंग महकमा के अंतर्गत आने वाले गोसाबा, बसंती, कैनिंग पश्चिम और कैनिंग पूर्व विधानसभा क्षेत्रों की ईवीएम इसी कॉलेज के स्ट्रॉन्गरूम में सुरक्षित रखी गई हैं। गुरुवार रात लगभग 8:40 बजे पूरे कॉलेज परिसर की विद्युत आपूर्ति अचानक बंद हो गई।
बताया गया कि बिजली जाते ही स्ट्रॉन्गरूम की निगरानी के लिए लगाए गए दो सीसीटीवी मॉनिटर में से एक पूरी तरह बंद हो गया। बाहर मौजूद विभिन्न राजनीतिक दलों के एजेंट मॉनिटरिंग सिस्टम पर लगातार नजर रखे हुए थे, ऐसे में स्क्रीन बंद होते ही तृणमूल और भाजपा समर्थकों के बीच तनाव बढ़ गया। दोनों पक्षों ने ईवीएम सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए यह भी पूछा कि तत्काल जेनरेटर क्यों सक्रिय नहीं हुआ।
इस घटना का वीडियो फुटेज भी सामने आया है, हालांकि प्रशासन की ओर से अब तक बिजली गुल होने या सीसीटीवी प्रणाली बंद होने को लेकर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं दिया गया है। देर रात की इस घटना के बाद कैनिंग का राजनीतिक माहौल और अधिक गरम हो गया है।
गोसाबा से भाजपा उम्मीदवार विकर्ण नस्कर ने कहा कि वहां लगातार कैमरों में तकनीकी खराबी आ रही है। उनके अनुसार तृणमूल प्रत्याशी परेश राम दास के परिसर में पहुंचने के तुरंत बाद बिजली चली गई, जिससे मॉनिटरिंग प्रभावित हुई। उन्होंने बताया कि उनके प्रतिनिधि मॉनिटर पर दृश्य नहीं देख पा रहे थे और उन्होंने इसकी सूचना रिटर्निंग ऑफिसर को देकर चुनाव आयोग से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने आयोग को ईमेल भी प्रेषित किया है।
वहीं तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार परेश राम दास ने भी स्थिति को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि उनके पहुंचते ही बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी और लगभग 20 मिनट बाद जेनरेटर चालू किया गया। इस दौरान पूरा परिसर अंधेरे में था और सीसीटीवी फीड या तो बंद थी या अस्पष्ट दिखाई दे रही थी। उन्होंने आशंका व्यक्त की कि कहीं यह स्थिति लोडशेडिंग के माध्यम से किसी संभावित साजिश का हिस्सा तो नहीं है। साथ ही उन्होंने चुनाव आयोग से विस्तृत जांच की मांग की है।












