सिलीगुड़ी, 01 मई।
सिलीगुड़ी से सटे फुलबाड़ी के बटालियन मोड़ इलाके में शुक्रवार दोपहर एक बुजुर्ग महिला से नकली नोटों का बंडल दिखाकर ठगी किए जाने की घटना सामने आई है, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लगभग 60 वर्षीय पारुल विश्वास बाजार जाने के लिए अपने घर से निकली थीं। इसी दौरान जब वह बटालियन मोड़ इलाके में पहुंचीं, तो दो अज्ञात युवक उनके पास पहुंचे और बातचीत शुरू कर दी।
बातचीत के दौरान युवकों ने महिला को झांसे में लेते हुए बताया कि उनके पास लाखों रुपये का एक बंडल है। इसके बाद उन्होंने कपड़े में लिपटा एक बंडल पारुल विश्वास को सौंप दिया।
ठगों की बातों पर भरोसा कर महिला ने अपने पास मौजूद सोने-चांदी के आभूषण और नकदी भी उन्हें दे दी। इसके बाद दोनों युवक मौके से चले गए। कुछ समय बाद महिला को संदेह हुआ और जब उन्होंने बंडल खोला तो उसमें नोटों की जगह केवल कागज भरे मिले, जिससे उनके साथ ठगी होने की पुष्टि हो गई।
घटना की जानकारी फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर न्यू जलपाईगुड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे किसी भी लालच में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना प्रशासन को दें।












