शिमला, 30 अप्रैल।
महिलाओं के वेश में चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग भी शामिल
शिमला शहर में पुलिस ने चोरी की एक अजीबोगरीब वारदात का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। यह मामला थाना न्यू शिमला क्षेत्र का है, जहां आरोपियों ने चोरी के दौरान महिलाओं जैसे कपड़े पहनकर अपनी पहचान छिपाने की कोशिश की।
शिकायतकर्ता दया राम, निवासी कंगनाधार, ने पुलिस को बताया था कि 8 और 9 अप्रैल की मध्यरात्रि में बीसीएस स्थित उनकी बॉटल स्टोर का शटर तोड़कर अज्ञात व्यक्तियों ने लगभग 35 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर तकनीकी जांच, साक्ष्य संकलन और संदिग्धों की तलाश तेज की। लगातार की गई जांच के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में 19 वर्षीय भीष्म सिंह, निवासी जसुई गांव जिला सिरमौर, शामिल है। दूसरा आरोपी नाबालिग है, जिसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई जुवेनाइल कानून के तहत की जा रही है।
जांच में यह तथ्य सामने आया कि दोनों आरोपी चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के दौरान महिलाओं के कपड़े पहनते थे, ताकि उनकी पहचान छिपी रहे और किसी को उन पर शक न हो सके।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि दोनों आरोपी इसी थाना क्षेत्र में 5 अप्रैल को दर्ज एक अन्य चोरी की वारदात में भी शामिल रहे हैं। इस संबंध में आगे की जांच जारी है।
अधिकारियों के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस फिलहाल दोनों से पूछताछ कर रही है और अन्य संभावित वारदातों की जांच भी जारी है।





.jpg)





