फिरोजाबाद, 30 अप्रैल।
थाना फरिहा क्षेत्र में गुरुवार को एक लापता मासूम बच्ची का शव नाले में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
ग्रामीणों ने चिढ़रई गांव स्थित नाले में बच्ची का शव देखा, जिसके बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही परिजन भी वहां पहुंचे और शव की पहचान 10 वर्षीय शिवानी के रूप में की। परिजनों ने बताया कि बच्ची बुधवार से लापता थी और उसकी गुमशुदगी की सूचना थाने में दी गई थी, जिसके बाद परिवार उसकी तलाश में जुटा हुआ था, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
परिजनों के अनुसार बच्ची खेत पर जाने की बात कहकर घर से निकली थी और उसके बाद वापस नहीं लौटी। शव मिलने के बाद परिवार ने आरोप लगाया कि बच्ची की हत्या कर शव को नाले में फेंका गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना फरिहा पुलिस के साथ वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने परिजनों से बातचीत कर मामले की जानकारी ली और जांच शुरू कर दी।
अधिकारियों के अनुसार डायल 112 के माध्यम से बच्ची के लापता होने की सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके बाद गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस टीम ने खोजबीन शुरू की थी। बाद में बच्ची का शव गांव के बाहर नाले में मिला। प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं पाए गए हैं।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच जारी रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।





.jpg)





