भोपाल, 02 मई।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज शनिवार को भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे हॉल में आयोजित राष्ट्रीय सेमिनार “इनोवेशन्स इन ग्रीन बिल्डिंग प्रेक्टिसेस” में शामिल होंगे। इस सेमिनार में निर्माण क्षेत्र में कार्बन फुटप्रिंट को कम करने के प्रभावी उपायों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही 3D प्रिंटिंग, स्मार्ट ग्लास और पुनर्नवीनीकरण सामग्री जैसे आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर भी मंथन होगा।
सेमिनार का मुख्य उद्देश्य इमारतों को पर्यावरण के अनुकूल बनाना रहेगा। सौर ऊर्जा के अधिकतम उपयोग, प्राकृतिक रोशनी, बेहतर वेंटिलेशन को बढ़ावा देने के साथ-साथ वर्षा जल संचयन और अपशिष्ट जल पुनर्चक्रण प्रणालियों को अपनाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आज का कार्यक्रम व्यस्त रहेगा। वे सुबह 11 बजे सेमिनार में शामिल होने के बाद दोपहर 12:20 बजे अपने निवास लौटेंगे। फिर दोपहर 1:30 बजे अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान पहुंचकर अधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे। शाम 4:25 बजे वे पुनः अपने निवास लौटेंगे।










