रक्षा व सुरक्षा
30 Apr, 2026

जालंधर में दो आईएसआई जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार

पंजाब के जालंधर में आईएसआई से जुड़े दो जासूसी मॉड्यूल का भंडाफोड़ हुआ, तीन गिरफ्तार हुए। आरोपी संवेदनशील सैन्य ठिकानों की लाइव निगरानी कर पाकिस्तान को सूचना भेजते थे।

जालंधर, 30 अप्रैल ।

पंजाब पुलिस ने आईएसआई से जुड़े दो अलग-अलग जासूसी मॉड्यूल का खुलासा करते हुए तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है, जो संवेदनशील सैन्य प्रतिष्ठानों पर नजर रखकर उनकी लाइव फीड पाकिस्तान में मौजूद हैंडलरों तक भेज रहे थे।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने गुरुवार को जानकारी दी कि इन नेटवर्कों में आधुनिक तकनीक वाले चीनी सीसीटीवी कैमरों का उपयोग किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर ने एक आरोपी को पकड़कर पहले मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया, जिसके पास से 4जी कनेक्टिविटी वाला चीनी सीसीटीवी कैमरा और सोलर प्लेट बरामद हुई। वहीं कपूरथला पुलिस ने एक केंद्रीय एजेंसी के साथ संयुक्त अभियान चलाकर दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनसे चार मोबाइल फोन, सिम आधारित सीसीटीवी कैमरा और वाई-फाई उपकरण मिले।

डीजीपी के अनुसार ये नेटवर्क सौर ऊर्जा से संचालित कैमरों को विभिन्न स्थानों पर स्थापित कर रक्षा और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी कर रहे थे। ये कैमरे मोबाइल एप के जरिए सीधे पाकिस्तानी हैंडलरों को लाइव वीडियो भेजते थे। इनकी विशेषता यह थी कि ये बिना पारंपरिक वायरिंग के 4जी नेटवर्क और सौर ऊर्जा से चलते हैं, जिससे इन्हें दूरस्थ इलाकों में भी आसानी से लगाया जा सकता है। पहले मामले में फिरोजपुर के गांव सहांके निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ सुखा को गिरफ्तार किया गया, जबकि कपूरथला मॉड्यूल में दोना मट्टर और संदीप सिंह उर्फ सोनू को पकड़ा गया।

एआईजी काउंटर इंटेलिजेंस सिमरतपाल सिंह ढींडसा ने बताया कि सुखविंदर से पूछताछ के बाद एक सिम कार्ड और सोलर प्लेट सहित सीसीटीवी कैमरा बरामद हुआ। एसएसपी कपूरथला गौरव तूरा ने बताया कि सेना छावनी के पास निगरानी की सूचना पर मॉडल टाउन की एक दुकान पर छापा मारा गया, जहां आरोपियों ने खंभे पर कैमरा लगाने के लिए दुकान किराए पर ली थी। जांच में सामने आया कि पाकिस्तान स्थित ‘फौजी’ नामक हैंडलर ने कैमरा लगाने के लिए आरोपियों को 35 हजार रुपये दिए थे।

इसके अलावा संदीप सिंह नशा तस्करी में भी शामिल पाया गया, जिसने ड्रोन से भेजी गई एक किलो हेरोइन की सप्लाई के लिए 50 हजार रुपये प्राप्त किए थे। पुलिस ने दोनों मामलों में अलग-अलग केस दर्ज कर लिए हैं और नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई से राज्य में सक्रिय जासूसी और तस्करी नेटवर्क को बड़ा नुकसान पहुंचा है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

28° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़