सीवान, 02 मई
सीवान पुलिस को “ऑपरेशन नया सवेरा” के तहत बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक विशेष अभियान चलाकर 21 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया, जो आर्केस्ट्रा में शोषण का शिकार हो रही थीं। इस कार्रवाई में एक महिला सहित दो संचालकों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा के नेतृत्व में यह अभियान शुरू हुआ, जिसका उद्देश्य अनैतिक देह व्यापार और मानव तस्करी पर रोक लगाना था। गुप्त सूचना पर पचरुखी थाना क्षेत्र के आर्केस्ट्रा स्थलों पर छापेमारी की गई। इस दौरान पश्चिम बंगाल, असम, बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और नेपाल से लाई गई 21 नाबालिग लड़कियों को मुक्त किया गया।
पुलिस अब इन लड़कियों के नाम, पते और उम्र का सत्यापन कर रही है, साथ ही यह भी जांच रही है कि उन्हें यहां लाने वाले लोग कौन थे और किन परिस्थितियों में वे यहां लाए गए। पचरुखी थाना में मामला दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस छापेमारी में महिला थाना प्रभारी समेत कई पुलिस अधिकारी और एएचटीयू (मानव तस्करी विरोधी इकाई) के सदस्य शामिल थे।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी महिला या बच्ची के शोषण या तस्करी से जुड़ी जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस हेल्पलाइन या डायल 112 पर सूचित करें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।









