इंदौर, 02 मई
मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के काशीपुरी इलाके में शुक्रवार रात एक चार साल का बच्चा अचानक लापता हो गया, जिससे क्षेत्र में खलबली मच गई। परिजनों और पुलिस ने करीब ढाई घंटे की खोज के बाद उसे सुरक्षित मंदिर में पाया, जिसके बाद सभी ने राहत की सांस ली।
घटना हीरा नगर थाना क्षेत्र की है। रात करीब 10 बजे बच्चा अपनी मां के पीछे-पीछे घर से बाहर निकल गया, लेकिन मां को इस बात का कोई आभास नहीं हुआ। कुछ समय बाद जब बच्चा घर में नहीं दिखाई दिया, तो परिवारवालों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचते ही खोजबीन शुरू कर दी। एक टीम ने घर, छतों और पानी की टंकियों तक की तलाशी ली, जबकि दूसरी टीम सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी रही। इस दौरान स्थानीय लोग भी बच्चे की तलाश में शामिल हो गए। पास में नाला और कचरा प्लांट होने के कारण अनहोनी का डर और भी बढ़ गया था।
करीब आधी रात के समय बच्चा घर से लगभग 100 मीटर दूर स्थित एक मंदिर में सोता हुआ मिला। पुलिस का कहना था कि बच्चा चलते-चलते मंदिर तक पहुंचा और वहां एक कोने में सो गया। सर्च टीम पहले भी मंदिर के पास से गुज़री थी, लेकिन उस समय बच्चा नजर नहीं आया था। बाद में फिर से जांच करने पर वह मंदिर के पर्दे के पीछे सोता हुआ पाया गया। पुलिस ने बच्चे को उसके परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद उनके चेहरे पर खुशी और राहत की लहर दौड़ गई।









