अयाना, 02 मई।
उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के अयाना थाना क्षेत्र के प्रेमनगर गांव में शनिवार सुबह एक युवती का शव उसके घर के बाहर स्थित नीम के पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 19 वर्षीय शिवानी पुत्री पल्लू सिंह दोहरे के रूप में हुई है।
शिवानी ने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की थी और इसके बाद अपनी आगे की शिक्षा छोड़ दी थी। पुलिस के अनुसार, युवती ने घर के बाहर लगे नीम के पेड़ से दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली। सूचना मिलते ही अयाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को नीचे उतारने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है, लेकिन आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है, जिससे आसपास के इलाके में विभिन्न चर्चाएं हो रही हैं। मृतका के परिवार के अनुसार, उसके पिता पल्लू सिंह खेती-किसानी का काम करते हैं, जबकि मां श्री देवी गृहिणी हैं। परिवार में उसकी बड़ी बहन रश्मि की शादी हो चुकी है और दो छोटे भाई शिवम और छोटू हैं।
अयाना थाना प्रभारी जयप्रकाश पाल ने बताया कि पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।











