बलिया, 02 मई
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में एक मांगलिक कार्यक्रम के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में 11 वर्षीय बालक की मौत हो गई। घटना शिवपुर दियर गांव के पांडेय का डेरा में हुई, जहां शुक्रवार रात एक बारात आई थी।
शादी समारोह में सभी लोग खुशी-खुशी कार्यक्रम में शामिल थे, लेकिन अचानक ही बारात में हर्ष फायरिंग की आवाज सुनाई दी। गोली लगने से गांव के संजय यादव के 11 वर्षीय पुत्र पीयूष की मौके पर ही मौत हो गई। आनन-फानन में पीयूष को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना के बाद, कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज करना शुरू कर दिया है। अपर पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा ने बताया कि मृतक के रिश्तेदार द्वारा गोली चलाई गई थी, जिसकी तलाश की जा रही है। फील्ड यूनिट टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच जारी है।









