वाराणसी, 02 मई।
उत्तर प्रदेश के वाराणसी नगर निगम के वित्त आयोग निधि योजना के तहत जयपुर मूर्ति भंडार से औरंगाबाद चौराहा तक की ध्वस्त सड़क का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है। आठ वर्षों से खराब पड़ी इस 365 मीटर लंबी सड़क का पुनर्निर्माण 18 लाख 60 हजार रुपये की लागत से किया गया, जिससे स्थानीय लोगों में खुशी की लहर है।
नगर निगम के पितृकुंड वार्ड के पार्षद और भाजपा नेता अमरेश गुप्ता उमंग ने बताया कि औरंगाबाद मार्ग के निर्माण के लिए वर्षों से लिखित रूप में प्रार्थना पत्र दिए जा रहे थे। कई बार महापौर अशोक तिवारी से भी इस मार्ग की मरम्मत की मांग की गई थी। इस बार के बजट में विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी और महापौर अशोक तिवारी ने स्थानीय लोगों की मांग को ध्यान में रखते हुए इस मार्ग के निर्माण कार्य की स्वीकृति दी। बीती रात से शुरू होकर शनिवार सुबह तक सड़क का निर्माण कार्य पूरा किया गया। जैसे ही स्थानीय लोगों ने सड़क बनाई हुई देखी, उनकी खुशी का ठिकाना न रहा। उन्होंने सड़क निर्माण के लिए धन्यवाद दिया और स्थानीय जनप्रतिनिधियों का भी आभार व्यक्त किया।











