इंदौर, 02 मई।
मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में जिंसी से लक्ष्मीबाई प्रतिमा तक प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य जल्द ही शुरू होगा। नाले पर पुल निर्माण कार्य पहले ही शुरू हो चुका है, और जैसे ही यह काम पूरा होगा, सड़क निर्माण भी शुरू किया जाएगा। शनिवार सुबह महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने परियोजना स्थल का निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय निवासियों से चर्चा भी की।
सड़क निर्माण में आ रही बाधाओं को लेकर नगर निगम ने अतिक्रमण हटाने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। कई निवासी स्वेच्छा से अपने निर्माण हटा चुके हैं, जबकि शेष को तीन दिन का समय दिया गया है। निर्धारित समयसीमा के बाद नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। महापौर ने कहा कि 2023 के मास्टर प्लान के तहत शहर के मुख्य मार्गों का समय पर निर्माण बहुत जरूरी है। जिंसी से लक्ष्मीबाई प्रतिमा तक बनने वाली यह सड़क शहर के ट्रैफिक नेटवर्क को मजबूत करेगी और यातायात को सुगम बनाएगी।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने परियोजना के महत्व को समझाया और रहवासियों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि इस कार्य को सभी के सहयोग से ही बिना किसी रुकावट के पूरा किया जा सकेगा। इस मौके पर अपर आयुक्त, संबंधित पार्षद, एमआईसी सदस्य राजेंद्र राठौर, अश्विनी शुक्ल सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।










