भोपाल, 01 मई।
भोपाल शहर में शुक्रवार को पानी की आपूर्ति पूरी तरह प्रभावित रही, जिससे खासकर पुराने और नए शहर के 80 से अधिक क्षेत्रों में परेशानी का सामना करना पड़ा। जल कार्य विभाग के अनुसार, मनुआभान टेकरी स्थित फिल्टर प्लांट के सीएसआर वाल्व में खराबी के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई, वहीं कोलार प्लांट पर बिजली कंपनी द्वारा शटडाउन लेने से जल प्रदाय व्यवस्था पर असर पड़ा।
कोलार प्लांट पर गुरुवार दोपहर बिजली आपूर्ति बंद होने से पानी की सप्लाई पूरी तरह से बाधित हो गई, जिसका असर शुक्रवार को भी देखा गया। कई इलाकों में कम दबाव से पानी दिया गया, जबकि कई क्षेत्रों में सप्लाई पूरी तरह बंद रही। इस दौरान जोन-16 और 17 के इलाकों में लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा।
मनुआभान प्लांट के 800 एमएम वाल्व में तकनीकी खराबी के बाद स्थिति गंभीर हो गई थी। हालांकि देर रात तक जल कार्य विभाग ने टंकियों को भरने का कार्य शुरू किया और धीरे-धीरे पानी की सप्लाई बहाल की गई। अधिकारियों के मुताबिक शनिवार से पानी की आपूर्ति सामान्य हो जाएगी।
शहर के प्रभावित इलाकों में बरखेड़ी कला, शिवाजी नगर, तुलसी नगर, अरेरा कॉलोनी, निशातपुरा, आरिफ नगर, इब्राहिमगंज, इतवारा, शास्त्री नगर, बुधवारा, तलैया और न्यू एमएलए क्वार्टर्स सहित कई प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं। वहीं, शाहजहांनाबाद के संजय नगर इलाके में पानी की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें भी सामने आईं। यहां के स्थानीय लोग मटमैले और बदबूदार पानी की आपूर्ति की समस्या से जूझ रहे हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।
जल कार्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, स्थिति सामान्य होने का दावा किया गया है, लेकिन नागरिकों को राहत मिलने का इंतजार है।








