भोपाल, 01 मई।
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के बागसेवनिया थाना क्षेत्र में बीटेक छात्र के घर में घुसकर बदमाशों ने मारपीट की और उसका लैपटॉप छीन लिया। इसके बाद आरोपियों ने छात्र को जान से मारने की धमकी दी, जिसके चलते वह तीन दिन तक डर के कारण घर में कैद रहा।
पुलिस के अनुसार, नर्मदापुरम जिले के मछेरा कलां निवासी 21 वर्षीय ओम पटेल, जो भोपाल के शिक्षक कांग्रेस कॉलोनी में किराए पर रहकर एलएनसीटी कॉलेज से बीटेक की पढ़ाई कर रहा है, 26 अप्रैल को अपने कमरे में था। इस दौरान तीन-चार युवक जबरन उसके कमरे में घुस आए। इनमें से मिलन चौधरी और राज पटेल को ओम पहले से जानता था।
बताया जा रहा है कि मिलन चौधरी का ओम के बड़े भाई से पैसों का लेन-देन था, और इसी वजह से आरोपियों ने ओम से गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। इसके बाद वह ओम से उसके भाई के बारे में पूछताछ करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने ओम के साथ जमकर मारपीट की और उसका लैपटॉप छीन लिया। आरोपियों ने ओम से लैपटॉप का पासवर्ड भी मांगा, लेकिन मना करने पर उसे और पीटा गया।
घटना के बाद बदमाशों ने ओम को धमकी दी कि यदि उसने किसी को घटना के बारे में बताया तो वह उसे और उसके भाई को जान से मार देंगे। इस धमकी के कारण ओम तीन दिनों तक चुप रहा और डर के मारे घर में ही कैद रहा। अंततः ओम ने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी और उनके समझाने पर 30 अप्रैल को बागसेवनिया थाना में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।








