भोपाल, 30 अप्रैल।
जिले में जनसुनवाई की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और सरल बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने अहम निर्णय लिया है। आगामी 5 मई को आयोजित होने वाली जिला स्तरीय जनसुनवाई अब बैरसिया में की जाएगी। हाल में आयोजित पिछली दो जनसुनवाइयों में बैरसिया क्षेत्र से सर्वाधिक शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिसके चलते प्रशासन ने यह कदम उठाया है ताकि स्थानीय नागरिकों को अपनी समस्याएं रखने के लिए भोपाल तक लगभग 40 से 45 किलोमीटर की दूरी तय न करनी पड़े।
यह जनसुनवाई सुबह 10 बजे प्रारंभ होगी, जिसमें कलेक्टर सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे। जारी निर्देशों में सभी विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है। साथ ही उन्हें बैरसिया क्षेत्र से जुड़ी लंबित शिकायतों के निपटारे की अद्यतन जानकारी के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मौके पर ही समस्याओं का समाधान संभव हो सके। प्रशासन का उद्देश्य है कि शिकायतों का शीघ्र और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए और नागरिकों को अनावश्यक आवागमन से राहत मिले। इसके साथ ही भोपाल कलेक्टोरेट में हर मंगलवार को होने वाली नियमित जनसुनवाई भी पूर्ववत जारी रहेगी, जहां नागरिक अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे।
जिला स्तरीय इस जनसुनवाई में नगर निगम, खाद्य विभाग, बिजली कंपनी, शिक्षा विभाग सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। विभाग प्रमुखों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को भी उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अधिकतम शिकायतों का त्वरित समाधान मौके पर ही किया जा सके।






.jpg)





