भोपाल, 30 अप्रैल।
मप मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह ने राजधानी भोपाल से जुड़े तीन अलग-अलग मामलों में स्वतः संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया है। आयोग ने सभी मामलों में दो सप्ताह के भीतर जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
पहला मामला कान्हा कुंज कॉलोनी का है, जहां नाले के पास खुलेआम कचरा जलाने से पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। प्लास्टिक पाइप जलने के कारण पानी का रिसाव शुरू हो गया और घरों में दूषित पानी की आपूर्ति होने लगी। स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य पर खतरे की आशंका जताई है। आयोग ने नगर निगम आयुक्त, भोपाल से जांच रिपोर्ट मांगी है।
दूसरे मामले में भोपाल रेलवे स्टेशन पर लगी वाटर वेंडिंग मशीन के लंबे समय से बंद होने की शिकायत सामने आई है। भीषण गर्मी के बीच यात्रियों को पीने के पानी के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर आयोग ने डीआरएम, भोपाल से स्थिति स्पष्ट करने और की गई कार्रवाई की जानकारी देने को कहा है।
तीसरा मामला शारदा और नारियलखेड़ा क्षेत्रों से जुड़ा है, जहां पेयजल पाइपलाइन बिछाने का कार्य अधूरा पड़ा है। इस कारण स्थानीय निवासियों को पानी की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। आयोग ने नगर निगम से इस कार्य की प्रगति और समस्या समाधान के लिए उठाए गए कदमों की रिपोर्ट मांगी है। आयोग ने तीनों मामलों को गंभीर मानते हुए समय पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।






.jpg)





