झांसी, 02 मई
उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में नवाबाद पुलिस ने 100 करोड़ रुपये से अधिक के ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले गिरोह के मुख्य अपराधी को गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी दिल्ली के चाणक्यपुरम से की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बीबीजीटीएस मूर्ति ने देर रात इस सफलता की पुष्टि की।
पुलिस ने इस मामले में पहले भी कुछ आरोपितों को गिरफ्तार किया था, जिनमें शुभम उपाध्याय, विजय बाधवा और नितिन अग्रवाल शामिल थे। इनके पास से 08 मोबाइल फोन, 01 टैबलेट, 84,500 रुपये नकद, 01 फॉर्च्यूनर कार और लगभग 100 करोड़ रुपये के अवैध सट्टे का बहीखाता बरामद किया गया था। जांच के दौरान गिरोह के बैंक खातों में जमा करीब 50 लाख रुपये की राशि को फ्रीज किया गया।
गिरफ्तार मुख्य अपराधी आशीष उपाध्याय भाजपा नेता है और वह उत्तर प्रदेश सहकारी बैंक का डायरेक्टर भी है। पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तारियों के बाद अब पुलिस बाकी के फरार सटोरियों की तलाश में जुटी है, जिनमें झांसी के पप्पू, पंकज राय, सौरभ लिखधारी, आकाश चंचलानी, सुमित साहू, रोशन मुंशी और कानपुर के सोनू चड्ढा व हरीश कुमार शामिल हैं।









