धर्मशाला, 02 मई
कांगड़ा जिले में एक नाबालिग बालक के बैग से 130 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया है। यह नशे की खेप उसे उसके जीजा ने भेजी थी, जो अमृतसर से कांगड़ा में सामान भेजने के लिए उसका इस्तेमाल कर रहा था। पुलिस ने इस मामले में नाबालिग को एचआरटीसी बस में गिरफ्तार किया और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
यह घटना कांगड़ा के गग्गल क्षेत्र की है, जहां पुलिस ने एक एचआरटीसी बस की तलाशी ली और 13 वर्षीय लड़के के बैग से चिट्टा बरामद किया। आरोपी ने पुलिस से कहा कि यह सामान उसे अमृतसर में उसके जीजा अमन कुमार ने दिया था और उसे पालमपुर पहुंचने पर उसे सौंपने के लिए कहा था। पुलिस ने चिट्टा जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के आदेशानुसार ऑब्जर्वेशन होम भेज दिया है।








