नई दिल्ली, 21 मार्च।
टाटा समूह के नेतृत्व वाली एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस आज पश्चिम एशिया क्षेत्र से आने-जाने वाली कुल 42 उड़ानें संचालित करेंगी।
एयरलाइन ने शनिवार को अपने आधिकारिक बयान में कहा कि 21 मार्च को निर्धारित और गैर-निर्धारित उड़ानें दोनों एयरलाइंस द्वारा संचालित होंगी। इसके अलावा एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस जेद्दा और मस्कट के लिए अपनी उड़ानें जारी रखेंगी, हालांकि कुछ मार्गों पर उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित हैं।
एयरलाइन के अनुसार, भारत और जेद्दा के बीच कुल 16 उड़ानें संचालित की जाएंगी। इनमें दिल्ली और मुंबई से एयर इंडिया की वापसी उड़ानें तथा हैदराबाद से एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक उड़ान शामिल है। इसके अतिरिक्त एयर इंडिया दिल्ली, कोच्चि, कोझिकोड और मुंबई से मस्कट के लिए आठ निर्धारित उड़ानें संचालित करेगी।
पश्चिम एशिया में जारी तनाव को देखते हुए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने एयरलाइनों को खाड़ी क्षेत्र में कुछ हवाई मार्गों से बचने और सुरक्षा उपायों को तैयार रखने की सलाह दी है। एयरलाइंस से कहा गया है कि वे आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियों का ध्यान रखें।










