पंजाब
15 May, 2026

हलवारा एयरपोर्ट पर एयर इंडिया की पहली वाणिज्यिक उड़ान, पंजाब में नए युग की शुरुआत

लुधियाना के हलवारा हवाई अड्डे पर एयर इंडिया की पहली वाणिज्यिक उड़ान सफलतापूर्वक उतरी, जिससे क्षेत्रीय हवाई सेवाओं और आर्थिक विकास के नए दौर की शुरुआत हुई।

चंडीगढ़, 15 मई।

पंजाब के लुधियाना स्थित हलवारा हवाई अड्डे पर शुक्रवार सुबह एयर इंडिया की नई दिल्ली से आई पहली वाणिज्यिक उड़ान सफलतापूर्वक उतर गई, जिसके साथ ही इस एयरपोर्ट से नियमित वाणिज्यिक सेवाओं की शुरुआत हो गई। यह उड़ान नवनिर्मित टर्मिनल पर उतरने वाली पहली वाणिज्यिक फ्लाइट भी बन गई।

इस अवसर पर केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कुछ राजनीतिक नेताओं के साथ दिल्ली से हलवारा तक इसी पहली उड़ान में यात्रा की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फरवरी माह में जालंधर दौरे के दौरान हलवारा हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन का वर्चुअल उद्घाटन किया था।

उड़ान के सफल संचालन के बाद मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने बताया कि एयर इंडिया की नई दिल्ली से हलवारा और हलवारा से दिल्ली की पहली उड़ानें पूरी तरह सफल रहीं। उन्होंने कहा कि इस दौरान ग्राउंड स्टाफ और विमान के क्रू ने यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखते हुए उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान कीं और सभी को सहज व विश्वस्तरीय यात्रा अनुभव दिया।

उन्होंने कहा कि हलवारा हवाई अड्डे पर मिले भव्य और गर्मजोशी भरे स्वागत से वे अत्यंत भावुक हैं। लुधियाना के लोगों के चेहरे पर दिखाई दे रही खुशी और उत्साह ने इस यात्रा को और भी यादगार बना दिया।

मंत्री ने इसे पंजाब के लिए एक नए युग की शुरुआत बताते हुए कहा कि लगभग तीन दशक का इंतजार अब इस पहली उड़ान के साथ समाप्त हो गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे क्षेत्रीय उद्योगों और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

उन्होंने यह भी जानकारी दी थी कि प्रारंभिक चरण में दिल्ली और हलवारा के बीच प्रतिदिन दो उड़ानें संचालित की जाएंगी, जिनमें एक सुबह और एक दोपहर की सेवा शामिल होगी। इससे क्षेत्रीय संपर्क मजबूत होगा और व्यापार तथा यात्रा को बढ़ावा मिलेगा।

इस उड़ान में राज्यसभा सांसद विक्रमजीत साहनी और राजिंदर गुप्ता भी शामिल रहे, जिन्होंने हाल ही में राजनीतिक परिवर्तन करते हुए नई पार्टी का दामन थामा है। इसके अलावा वरिष्ठ प्रवक्ता प्रीतपाल सिंह बलियावल भी इस ऐतिहासिक उड़ान में मौजूद रहे।

|
आज का राशिफल

शैक्षणिक कार्य आसानी से पूरे होते रहेंगे। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। परिश्रम प्रयास से काम बनाने की कोशिश लाभ देगी। व्यापार व व्यवसाय में ध्यान देने से सफलता मिलेगी। बुरी संगति से बचें। नौकरी में सावधानीपूर्वक कार्य करें। अपनों का सहयोग प्राप्त होगा। अर्थपक्ष मजबूत रहेगा। शुभांक-3-5-7

आज का मौसम

भोपाल

28° / 39°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़