नई दिल्ली, 26 मार्च 2026।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम जिले में गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है और प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदनाएं जताई हैं। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो लाख रुपये और घायलों के लिए 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि इस दुखद दुर्घटना के बारे में जानकर उन्हें गहरा आघात पहुंचा है और वह शोक संतप्त परिवारों के साथ अपनी संवेदनाएं व्यक्त करती हैं। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने अपने संदेश में कहा कि यह हादसा अत्यंत पीड़ादायक है और इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने और प्रभावित लोगों को संबल मिलने की प्रार्थना की।
प्रधानमंत्री कार्यालय के पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुर्घटना को अत्यंत दुखद बताया और मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं जताईं। उन्होंने कहा कि पीएमएनआरएफ से प्रत्येक मृतक के परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।
मार्कपुरम में हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार टिप्पर और निजी बस की जोरदार टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। इस हादसे में 10 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई और कई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों का उपचार नजदीकी अस्पतालों में जारी है।












