मुंबई, 03 अप्रैल।
महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले के संगमेश्वर तहसील में पुणे-रत्नागिरी हाईवे पर शुक्रवार की सुबह एक निजी बस अचानक आग की भेंट चढ़ गई, लेकिन बस चालक गोविंद सालुंखे की सतर्कता और तत्परता के चलते सभी 30 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सखारपा पुलिस स्टेशन की टीम इस घटना की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस उपनिरीक्षक प्रमोद वाघते ने बताया कि बस गुरुवार रात पुणे से रत्नागिरी की ओर निकली थी। जैसे ही बस सखारपा जाधववाड़ी के पास गद्रे पेट्रोल पंप के सामने पहुंची, अचानक आग लग गई। चालक गोविंद धोंडीराम सालुंखे ने तुरंत बस को हाईवे किनारे रोक दिया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। इस हादसे में यात्रियों की जान बच गई, लेकिन बस में उनका सारा सामान जलकर राख हो गया। पुलिस ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच जारी है और बस मालिक तथा चालक से पूछताछ की जा रही है।
मौके पर जुटी टीम ने बताया कि चालक की त्वरित कार्रवाई और अनुशासन ने बड़ी दुर्घटना को टाल दिया। आग लगने की घटना के बाद हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन बाद में मार्ग को पुनः सुचारु कर दिया गया।


.jpg)









