मीरजापुर, 09 जून।
उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में देहात कोतवाली क्षेत्र के मझिगवां गांव स्थित तालाब में सोमवार की शाम नहाने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। तालाब में डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई, वहीं एक अन्य किशोर को ग्रामीणों ने समय रहते बाहर निकालकर सुरक्षित बचा लिया। इस घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर पालिका परिषद में तैनात अधिशासी अधिकारी के अर्दली रामनाथ सोनी का 15 वर्षीय पुत्र अमित उर्फ बाबू सोनी अपने मित्रों के साथ घूमने निकला था। उसके साथ सबरी चुंगी निवासी चंटू गुप्त (15) और उसका छोटा भाई मंटू गुप्त (14) समेत अन्य किशोर भी मौजूद थे। घूमते हुए सभी मझिगवां गांव के पास स्थित तालाब पहुंचे, जहां उन्होंने स्नान करने का निर्णय लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नहाते समय अमित अचानक गहरे पानी में जाने से डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में चंटू गुप्त भी पानी में उतरा, लेकिन वह भी गहराई में फंस गया। दोनों को डूबते देख मंटू गुप्त ने उन्हें बचाने के लिए तालाब में छलांग लगा दी। आसपास के लोगों ने शोर सुनकर दौड़कर मंटू को तो सही-सलामत बाहर निकाल लिया, लेकिन अमित और चंटू पानी में ओझल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही देहात कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ को बचाव कार्य के लिए बुलाया गया। लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ की टीम ने दोनों किशोरों के शव तालाब से बरामद कर लिए। देहात कोतवाल वृजेश सिंह ने बताया कि पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।












