अमलनेर, 09 जून।
महाराष्ट्र के जलगांव जिले के अमलनेर में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने सबको झकझोर कर रख दिया। मंगरूल गांव के समीप कार, बाइक और एक एसटी बस की आमने-सामने टक्कर में कुल छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में गुजरात के व्यारा निवासी एक ही परिवार के पांच सदस्य शामिल हैं, जो एक सगाई समारोह में हिस्सा लेने जा रहे थे।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह पिचक गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना मिलते ही राहत कार्य शुरू किया। पुलिस और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला। हादसे में बाइक सवार एक स्थानीय व्यक्ति की भी जान चली गई।
अमलनेर पुलिस निरीक्षक दत्तात्रय निकम सहित पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बचाव कार्य तेज किया। एसटी बस में सवार दीपक दिलीप पाटील नामक यात्री गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका नजदीकी अस्पताल में उपचार चल रहा है और स्थिति स्थिर है।
सड़क दुर्घटना के बाद मार्ग पर यातायात काफी समय तक बाधित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सामान्य कराया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अमलनेर ग्रामीण अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस फिलहाल उनकी पहचान सुनिश्चित करने में जुटी है।
घटना की खबर मिलते ही गुजरात और अमलनेर क्षेत्र में मातम पसर गया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए वाहनों की गति व सड़क की परिस्थितियों का विश्लेषण किया जा रहा है।















