पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच बुधवार तड़के तनाव एक बार फिर बढ़ गया, जब इजराइली सेना ने लेबनान की राजधानी बेरूत के दक्षिणी उपनगर दहिये पर हवाई हमला किया। यह क्षेत्र हिज्बुल्लाह का प्रमुख गढ़ माना जाता है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज धमाकों से शहर दहल उठा और हमले के बाद इलाके से घना धुआं उठता दिखाई दिया।
जानकारी के अनुसार, तड़के किए गए इस हमले की गूंज बेरूत और उसके आसपास के इलाकों तक सुनाई दी। जिस स्थान को निशाना बनाया गया, वहां से लगातार धुआं उठता देखा गया। इससे पहले रात में भी इजराइली सेना ने दहिये के जनाह क्षेत्र में वाहनों को निशाना बनाया था। प्रारंभिक रिपोर्टों में उस हमले में कम से कम पांच लोगों की मौत और 21 लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई थी।
दहिये को लंबे समय से हिज्बुल्लाह के मजबूत गढ़ के रूप में जाना जाता है और यह इलाका पहले भी कई बार हमलों का केंद्र रहा है। लगातार हो रहे हमलों ने क्षेत्र में अस्थिरता को और बढ़ा दिया है।
नवंबर 2024 में लागू संघर्ष विराम के बावजूद 2 मार्च को सीमा पार से हुए हमले के बाद स्थिति फिर बिगड़ गई। इसके बाद इजराइल ने दक्षिणी लेबनान में हवाई और जमीनी कार्रवाई तेज कर दी। मार्च की शुरुआत से हिज्बुल्लाह की ओर से भी इजराइल पर रॉकेट हमले किए जा रहे हैं। हिज्बुल्लाह का कहना है कि यह जवाबी कार्रवाई लेबनान पर हो रहे हमलों और 28 फरवरी को हुए संयुक्त हवाई हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के विरोध में की जा रही है।
लेबनानी अधिकारियों के अनुसार, अब तक इजराइली हमलों में कम से कम 1,247 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 3,690 लोग घायल हुए हैं।












