रायपुर, 11 मई।
आईपीएल 2026 के बेहद रोमांचक मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मुंबई इंडियंस को अंतिम गेंद तक चले संघर्ष में 2 विकेट से शिकस्त देकर प्लेऑफ की दौड़ में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली। रायपुर में खेले गए कम स्कोर वाले लेकिन रोमांच से भरपूर इस मुकाबले में बेंगलुरु ने 167 रन का लक्ष्य आखिरी गेंद पर हासिल किया। इस हार के साथ मुंबई इंडियंस का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया। लगातार दो मुकाबलों में हार झेलने के बाद बेंगलुरु ने जोरदार वापसी करते हुए अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।
मुंबई इंडियंस की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही और टीम ने शुरुआती तीन ओवर के भीतर तीन बड़े विकेट गंवा दिए। अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव सहित तीन बल्लेबाजों को जल्दी पवेलियन भेजकर मुंबई को दबाव में ला दिया। हालांकि रोहित शर्मा ने 10 गेंदों में 22 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर टीम को गति देने का प्रयास किया।
मुश्किल हालात में नमन धीर और तिलक वर्मा ने पारी को संभालने की जिम्मेदारी उठाई। दोनों बल्लेबाजों के बीच 82 रन की अहम साझेदारी हुई, जिससे टीम 100 रन के पार पहुंचने में सफल रही। नमन धीर अर्धशतक से चूक गए, वहीं तिलक वर्मा ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। हालांकि 18वें ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने तिलक को आउट कर मुंबई की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। निर्धारित 20 ओवर में मुंबई इंडियंस की टीम 7 विकेट खोकर 166 रन ही बना सकी। भुवनेश्वर कुमार ने चार विकेट लेकर मुकाबले का रुख बदलने में बड़ी भूमिका निभाई।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेंगलुरु की शुरुआत भी डगमगाई रही। विराट कोहली लगातार दूसरे मुकाबले में खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए। दीपक चाहर ने शुरुआती झटके देकर आरसीबी को मुश्किल स्थिति में पहुंचा दिया। इसके बाद क्रुणाल पंड्या और जैकब बैथेल ने पारी को संभाला। बैथेल के आउट होने के बाद भी क्रुणाल पंड्या डटे रहे और 32 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
आखिरी ओवर में बेंगलुरु को जीत के लिए 15 रन की जरूरत थी और मुकाबले का रोमांच लगातार बढ़ता रहा। रोमारियो शेफर्ड के आउट होने के बावजूद टीम ने हार नहीं मानी। दबाव के क्षणों में भुवनेश्वर कुमार ने छक्का जड़कर उम्मीद बनाए रखी और अंतिम गेंद पर रसिख सलाम ने दो रन लेकर टीम को यादगार जीत दिला दी।
क्रुणाल पंड्या की 73 रन की निर्णायक पारी और भुवनेश्वर कुमार की घातक गेंदबाजी बेंगलुरु की जीत का सबसे बड़ा आधार बनी।










.jpg)
