मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में सोमवार को न्यूजीलैंड से आए एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न स्थानीय गतिविधियों का निरीक्षण किया। यह दल अपने मध्य प्रदेश प्रवास के तहत जनजातीय क्षेत्रों में चल रही आजीविका आधारित योजनाओं और मधु संग्रहण कार्यों का प्रत्यक्ष अध्ययन करने पहुंचा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रतिनिधिमंडल दोपहर लगभग 1:30 से 2 बजे के बीच बैतूल पहुंचा, जहां उन्होंने नंदा वन धन विकास केंद्र स्थित हनी कलेक्शन सेंटर का अवलोकन किया। इस दौरान उन्हें क्षेत्र में संचालित कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रतिनिधिमंडल ने जनजातीय समुदाय द्वारा किए जा रहे शहद संग्रहण कार्य, उससे जुड़ी आपूर्ति श्रृंखला, गुणवत्ता निर्धारण प्रक्रिया और प्राथमिक भंडारण व्यवस्था को बारीकी से समझा। स्थानीय स्तर पर तैयार हो रही मूल्य श्रृंखला पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्रीय हितग्राहियों और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद भी किया, जिसमें कार्यप्रणाली और अनुभवों का आदान-प्रदान हुआ। सभी गतिविधियों के अवलोकन के बाद प्रतिनिधिमंडल बैतूल से भोपाल के लिए रवाना हो गया।









.jpg)
