मुंबई, 10 नवंबर।
अभिनेता अर्जुन रामपाल और प्रियामणि की सस्पेंस थ्रिलर फिल्म 'द ब्लाइंड गेम' 11 नवंबर से ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 फ्री 5 पर स्ट्रीम होगी। दिवंगत निर्देशक संगीत सिवन के निर्देशन में बनी यह उनके करियर की आखिरी फिल्म है। इस वजह से फिल्म सिनेमा जगत और उनके प्रशंसकों के लिए खास महत्व रखती है। इसमें अर्जुन रामपाल और प्रियामणि के साथ आकाश माखीजा तथा रोहित चंदेल भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
क्रिसमस की एक रहस्यमयी रात पर आधारित फिल्म की कहानी दोस्तों के एक समूह के इर्द-गिर्द घूमती है। पांच करोड़ रुपये की गुमशुदगी और एक कुख्यात अपराध सरगना की दुनिया में उलझने के बाद उनकी जिंदगी बदल जाती है। मामले की जांच शुरू होने पर एक आईपीएस अधिकारी के सामने कई चौंकाने वाले रहस्य सामने आते हैं।
कथित आत्महत्या, अलग-अलग बयान और छिपे हुए सच कहानी में रोमांच बढ़ाते हैं। जांच आगे बढ़ने के साथ दोस्तों के लिए यह तय करना मुश्किल हो जाता है कि आखिर किस पर भरोसा किया जाए।
अर्जुन रामपाल के अनुसार, फिल्म में लगातार बदलते नजरिए, धोखे और किरदारों के फैसले दर्शकों को रोमांचक अनुभव देंगे। निर्माता कुशाग्र शर्मा और सृष्टि शर्मा ने भी उम्मीद जताई है कि फिल्म की रहस्यमयी कहानी दर्शकों को पसंद आएगी।
फिल्म का निर्माण थंडरस्काई एंटरटेनमेंट और सोहम रॉकस्टार एंटरटेनमेंट के बैनर तले हुआ है। इसके निर्माता सृष्टि शर्मा, कुशाग्र शर्मा, दीपक मुकुट और हुनर मुकुट हैं।











