मुंबई, 10 नवंबर।
निर्देशक नितेश तिवारी की पौराणिक फिल्म 'रामायण' में रावण की भूमिका निभा रहे कन्नड़ अभिनेता यश का लुक इन दिनों चर्चा में है। उनके अभिनय के साथ किरदार को भव्य रूप देने के लिए तैयार की गई पोशाक भी दर्शकों का ध्यान खींच रही है। कॉस्ट्यूम डिजाइनर सानिया सरधरिया के मुताबिक, कुछ खास दृश्यों में यश की पोशाक का वजन करीब 33 किलो तक था।
सानिया ने एक बातचीत में बताया कि ज्यादातर परिधानों का वजन आभूषणों सहित 16 से 20 किलो के बीच था। हालांकि, लंका और रावण से जुड़े कुछ विशेष दृश्यों के लिए तैयार किए गए परिधान इससे कहीं अधिक भारी थे। इनमें रावण की शादी और सूर्पणखा की शादी से जुड़े लुक शामिल थे। इन पोशाकों का वजन लगभग 30 से 33 किलो तक पहुंच जाता था।
उन्होंने बताया कि यश के मुकुट का वजन भी करीब 1.8 किलो था। मुकुट को तैयार करना और उसे पहनाना सबसे चुनौतीपूर्ण काम रहा, क्योंकि सिर पर इतना वजन संभालना आसान नहीं था। इसके लिए डिजाइन टीम को कई तरह के प्रयोग करने पड़े।
सानिया के अनुसार, लंबे समय तक भारी पोशाक पहनकर शूटिंग करने के बावजूद यश ने इसे सहजता से संभाला।
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं।











