मुंबई, 10 नवंबर।
पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने अपने इंदौर कॉन्सर्ट को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगा दिया है। पिछले कुछ समय से सुरक्षा कारणों का हवाला देकर उनके कार्यक्रम के रद्द होने की खबरें सामने आ रही थीं। अब दिलजीत ने स्पष्ट किया है कि उनका इंदौर कॉन्सर्ट तय कार्यक्रम के अनुसार ही होगा और इसे रद्द नहीं किया गया है।
इंस्टाग्राम लाइव के दौरान दिलजीत ने सुरक्षा संबंधी चिंताओं को लेकर सामने आ रही खबरों को खारिज किया। उन्होंने मीडिया पर हल्के-फुल्के अंदाज में तंज कसते हुए कहा कि खबर में अपनी तरफ से मसाला जोड़ दिया गया है। उनके इस बयान से कॉन्सर्ट का इंतजार कर रहे प्रशंसकों ने राहत की सांस ली।
लाइव के दौरान गायक ने अपने चिर-परिचित मजाकिया अंदाज में प्रशंसकों से बातचीत भी की। इस बीच, इंदौर पहुंचने से पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने पसंदीदा पोहे की तस्वीर भी साझा की। उनकी इस पोस्ट ने प्रशंसकों का उत्साह और बढ़ा दिया।
कॉन्सर्ट रद्द होने की चर्चाओं के बीच दिलजीत के इस स्पष्टीकरण से उनके प्रशंसकों में कार्यक्रम को लेकर फिर से उत्सुकता बढ़ गई है।











