भुवनेश्वर, 08 मई।
बालिअंता क्षेत्र में युवक की कथित मॉब लिंचिंग की घटना के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं मामले में शामिल अन्य संदिग्धों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास लगातार तेज किए जा रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार पकड़े गए चारों आरोपियों से पूछताछ जारी है और घटना से जुड़े वीडियो फुटेज में अन्य व्यक्तियों की भूमिका सामने आने के बाद गिरफ्तारियों की संख्या बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
पुलिस ने जांच के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में विशेष दलों का गठन किया है, जो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर रहे हैं। किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचाव के लिए बालिअंता थाने में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की गई है।
घटना गुरुवार सुबह लगभग दस बजे बालिअंता थाना क्षेत्र के भिंगारपुर स्थित रामचंद्रपुर पुल के समीप हुई थी। इस घटना में आदासपुर निवासी सौम्य रंजन स्वाईं की मौत हो गई, जबकि ओम प्रकाश राउत गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार दो महिलाओं से कथित दुष्कर्म के प्रयास के आरोप के बाद भीड़ ने दोनों युवकों पर हमला कर दिया। इस मामले में अलग-अलग शिकायतें दर्ज की गई हैं, जिनमें एक शिकायत महिलाओं द्वारा और दूसरी मृतक के परिजनों द्वारा अज्ञात लोगों के खिलाफ दी गई है।
घटना के दौरान मौजूद रहे ओम प्रकाश राउत को पुलिस हिरासत में लेकर उसका बयान दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों युवकों की मोटरसाइकिल और स्कूटी की टक्कर के बाद विवाद शुरू हुआ था।
इसके बाद महिलाओं ने आरोप लगाया कि दोनों युवकों ने उनके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया और तत्काल आपातकालीन सहायता सेवा को सूचना दी गई। कुछ ही समय में मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने दोनों युवकों पर हमला कर दिया और उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां सौम्य रंजन स्वाईं को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि ओम प्रकाश राउत का उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि मृतक रेलवे सुरक्षा बल में कार्यरत था और जिम संचालित करता था।
पुलिस उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि वीडियो फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है और सभी दोषियों के खिलाफ विधि अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी बताया गया कि पुलिस सहायता वाहन की मौजूदगी में कोई मारपीट नहीं हुई थी, बल्कि घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया था।






.jpg)

.jpg)


