भागलपुर, 26 मार्च।
जिले के गोराडीह प्रखंड स्थित खरामा मोड़ से गंगटी तक का सड़क मार्ग पूरी तरह टूट-फूट वाला हो गया है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और फैली गिट्टी दुर्घटना के लिए खतरा बन रही है। बाइक सवार अक्सर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। यह सड़क प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनाई गई थी।
सड़क की लंबाई 2.193 किलोमीटर है और इसके निर्माण पर 99 लाख 72 हजार 23 रुपए खर्च किए गए। रखरखाव के लिए 6 लाख 28 हजार 961 रुपए निर्धारित थे। कार्य की निर्धारित समाप्ति तिथि 3 मार्च 2015 थी, लेकिन निर्माण 2021 में पूरा हुआ। निर्माण कार्य पूर्णिया की गोल्डन कंपनी द्वारा किया गया।
स्थानीय ग्रामीण जयप्रकाश सिंह, विभाष सिंह, मुनिलाल कुशवाहा और अमरजीत ठाकुर का कहना है कि सड़क निर्माण के बाद मरम्मत का कोई काम नहीं हुआ। यह मार्ग गोराडीह प्रखंड मुख्यालय और जगदीशपुर प्रखंड मुख्यालय को जोड़ता है, लेकिन जर्जर स्थिति के कारण आवागमन बेहद कठिन हो गया है। यात्री वाहन नहीं चल पाते, जबकि लोग साइकिल और मोटरसाइकिल से आवागमन करते रहते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि स्थानीय मुखिया, विधायक और सांसद सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी इस मामले पर चुप हैं, जिससे ग्रामीणों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।












