अंबिकापुर, 30 मार्च।
सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम खम्हरिया में बीती रात लगभग 3 बजे एक बेलगाम कोयला लोड हाईवा ट्रक ने कहर बरपाते हुए सीधे “लक्ष्मी मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक एवं फर्नीचर” दुकान में प्रवेश कर दिया। इस दुर्घटना में दुकान और घर में रखे लाखों रुपये के सामान, लैपटॉप, पलंग, सोफा सहित अन्य कीमती वस्तुएं बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना के समय ट्रक चालक वाहन में फंस गया था। सूचना मिलने पर उदयपुर थाना प्रभारी शिशिरकांत सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। जेसीबी और कटर मशीन की मदद से लगभग एक घंटे की कठिन मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायल चालक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।


स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि बिशुनपुर-ओडगी मार्ग, जो उदयपुर थाना मोड़ से सूरजपुर तक लगभग 82 किलोमीटर लंबा है, भारी कोयला वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण पूरी तरह जर्जर हो चुका है। सड़क की इस खराब स्थिति के कारण इस मार्ग पर आए दिन हादसे हो रहे हैं, जिससे क्षेत्रवासियों में दहशत का माहौल है।












