फर्रुखाबाद, 01 अप्रैल।
उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में पूर्व विधायक विजय सिंह के आवास पर हुए विस्फोट में घायल समर्थक पूर्व प्रधान भैया लाल चौहान की मौत हो गई। घायल भैया लाल का इलाज कानपुर में चल रहा था। इस घटना में उनके साथ उनके बेटे सिक्की और विक्की सहित करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए थे।
थाना नखास के चौकी इंचार्ज इमरान फरीद ने बताया कि 17 मार्च को शाम लगभग 6 बजे हमराही सिपाही मलखान सिंह वाहन चेकिंग कर रहे थे। तभी दो घायल और झुलसे हुए व्यक्ति ई-रिक्शा में भारत नर्सिंग होम की तरफ ले जाए जा रहे थे। पूछने पर पता चला कि ये दोनों व्यक्ति पूर्व विधायक विजय सिंह के बेटे अभिषेक उर्फ सिक्की और अभिनाश उर्फ विक्की हैं।
इमरान फरीद ने आगे बताया कि पूर्व विधायक के आवास स्थित मोहल्ला नाला मछरट्टा में पहुँचने पर घर के बाहर भारी भीड़ और अफरा-तफरी का माहौल था। फर्श टूटा पड़ा था, बेसमेंट की छत उखड़ गई थी और सामान बिखरा हुआ था। मलबे में भैया लाल गंभीर रूप से दबे थे, जिन्हें हमराही की मदद से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों में सिक्की, विक्की के अलावा ईशू चौरसिया, रामवीर यादव, रानू मिश्रा और अन्य लोग भी शामिल थे। इन सभी को जनता द्वारा अस्पताल ले जाया गया। विस्फोट की जांच में बेसमेंट से विस्फोटक पदार्थ की बू और दीवारों पर खून के धब्बे मिले।
पूरी बिल्डिंग की तीसरी मंजिल तक खिड़कियां, दरवाजे, ग्रिल और छत क्षतिग्रस्त हो गई थीं। स्थानीय लोगों ने बताया कि लगभग 7.30 बजे तेज धमाके के साथ यह घटना हुई, जिसमें कई लोग घायल हुए। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि घर में अवैध विस्फोटक पदार्थ रखा गया था, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।












