शिमला, 31 मार्च।
शिमला जिले के रामपुर उपमंडल के सराहन क्षेत्र में छोटे भाई द्वारा बड़े भाई की हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के अनुसार, दोनों भाई शराब पी रहे थे, जिसके बाद पुरानी रंजिश के चलते छोटे भाई ने बड़े भाई को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच जारी है।
पुलिस के मुताबिक, 30 मार्च की सुबह थाना झाकड़ी को सूचना मिली कि राई खड्ड स्थित शमशान घाट के पास एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और मृतक की पहचान अनिल कुमार उर्फ काकू (35) निवासी सराहन, तहसील रामपुर के रूप में की। प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर चोटों के निशान और खून पाया गया, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया और जांच शुरू कर दी।
घटनास्थल का निरीक्षण विशेषज्ञ टीम द्वारा किया गया और वहां से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सराहन भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जांच के दौरान पुलिस को मृतक के छोटे भाई विक्रम (34) पर शक हुआ। भौतिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने शराब पीने के दौरान पुरानी रंजिश के कारण अपने बड़े भाई की हत्या की। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ अन्य साक्ष्यों का इंतजार किया जा रहा है।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने कहा कि शव मिलने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और बिना देरी के मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों भाइयों के बीच पुरानी रंजिश की असली वजह क्या थी और घटना के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं था।












