अशोकनगर, 31 मार्च।
मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में नईसराय-शाढ़ौरा रोड पर मंगलवार सुबह दो बाइकों की आमने-सामने से भयंकर टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर और रास्ते में मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
नईसराय थाना प्रभारी मनीष सिंह गुर्जर ने बताया कि कालुआखेड़ी निवासी विशाल जाटव अपने रिश्तेदार सुनील जाटव के साथ नईसराय की ओर जा रहा था। इसी समय बीसौर गांव के सपेरा डेरा निवासी गोविंद नाथ, राजा नाथ और बंटी नाथ अपने डेरे की ओर लौट रहे थे। दोनों बाइकों के आमने-सामने आने और अधिक रफ्तार होने के कारण बाइक अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गईं।
भीषण टक्कर में विशाल जाटव की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल गोविंद नाथ को अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। राहगीरों की सूचना पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों में से एक को नईसराय अस्पताल और दो को शाढ़ौरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
नईसराय थाना प्रभारी मनीष सिंह गुर्जर ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए मृतक का शव लोगों की मदद से अपने निजी वाहन में रखकर शाढ़ौरा पहुंचाया। पुलिस ने इस संबंध में मर्ग कायम कर दिया है और आगे की जांच जारी है। मृतकों का पोस्टमार्टम किया जा रहा है।












