शिमला, 31 मार्च।
शिमला जिले के उपमंडल नेरवा स्थित आरोग गांव में एक 19 वर्षीय युवक का शव उसके घर के अंदर फंदे से लटका हुआ पाया गया। युवक की पहचान मुनीश उर्फ सोनू के रूप में की गई है। इस घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, यह घटना सोमवार शाम की है, जब आरोग गांव के निवासी मनोहर शर्मा ने फोन के माध्यम से थाना नेरवा को सूचित किया कि उनके गांव के युवक मुनीश ने अपने घर के अंदर फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने बताया कि शव के पास मृतक के पिता दुलची राम भी मौजूद थे। युवक का शव कमरे के अंदर छत के पंखे से लटकता हुआ पाया गया, जिसके लिए दुपट्टे का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नेरवा भेजा, जहां चिकित्सकों ने शव का पोस्टमार्टम किया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत की जा रही है। हालांकि, युवक की मौत के वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होंगे। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।












