भोपाल, 07 मई।
हॉकी इंडिया ने गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ प्रस्तावित अंडर-18 सीरीज़ के लिए भारतीय पुरुष और महिला टीमों की 24 सदस्यीय सूची जारी कर दी। यह श्रृंखला 15 से 20 मई 2026 के बीच भोपाल स्थित उधव दास मेहता (भाई जी) साई सेंट्रल सेंटर में खेली जाएगी।
चार मुकाबलों की यह सीरीज़ 29 मई से 6 जून 2026 तक जापान के काकामिगहारा में होने वाले पुरुष और महिला अंडर-18 एशिया कप की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। राष्ट्रीय कोचिंग शिविर के दौरान 42 खिलाड़ियों के प्रारंभिक समूह में से फिटनेस और रणनीतिक क्षमता के आधार पर अंतिम 24 खिलाड़ियों का चयन किया गया है।
भारतीय अंडर-18 पुरुष टीम की कमान फॉरवर्ड खिलाड़ी केतन कुशवाहा को सौंपी गई है और महिला टीम का नेतृत्व स्वीटी कुजूर करेंगी।
पुरुष टीम का प्रशिक्षण पूर्व भारतीय हॉकी खिलाड़ी सरदार सिंह और रजनीश मिश्रा के मार्गदर्शन में चल रहा है। सरदार सिंह ने चयन को लेकर कहा कि शिविर में एक सप्ताह के प्रशिक्षण के बाद उन खिलाड़ियों को चुना गया है, जिन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए उपयुक्त माना गया है। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले खिलाड़ियों की मानसिक दृढ़ता और रणनीतिक अनुशासन की परीक्षा होंगे।
महिला टीम पूर्व कप्तान रानी रामपाल के मार्गदर्शन में अभ्यास कर रही है। चयन प्रक्रिया पर उन्होंने कहा कि शिविर में निरंतर प्रदर्शन और सुधार दिखाने वाले खिलाड़ियों को 24 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ मुकाबले टीम की ताकत और कमजोरियों का वास्तविक मूल्यांकन करने का अवसर देंगे।



.jpg)








