भोपाल, 10 नवंबर।
हॉकी इंडिया ने आगामी महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी भोपाल 2026 के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम की घोषणा कर दी है। टीम की कमान एक बार फिर अनुभवी मिडफील्डर सलीमा टेटे के कंधों पर ही रहेगी।जापान में संपन्न एशियाई खेलों में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने के बाद भारतीय महिला टीम पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करती नजर आएगी।
प्रतियोगिता का भव्य आयोजन 19 नवंबर से 28 नवंबर के बीच भोपाल के नवनिर्मित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर, नाथू बरखेड़ा में किया जाएगा। मौजूदा चैंपियन भारत इससे पहले 2016, 2023 और 2024 में यह प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम कर चुका है। इस बार मेजबान टीम की निगाहें लगातार तीसरी और कुल चौथी बार चैंपियन बनने पर टिकी हैं। इस छह देशों के टूर्नामेंट में भारत के अलावा चीन, जापान, मलेशिया, थाईलैंड और दक्षिण कोरिया की टीमें आपस में भिड़ेंगी।
राउंड रॉबिन प्रारूप में खेली जाने वाली इस प्रतियोगिता में प्रत्येक टीम लीग चरण में अन्य पांच टीमों से मुकाबला करेगी। इसके पश्चात शीर्ष चार स्थानों पर रहने वाली टीमें सेमीफाइनल का टिकट हासिल करेंगी।
भारतीय टीम के मुख्य कोच सजॉर्ड मारिजने ने कहा कि यह अन्य खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर आजमाने का उपयुक्त समय है। उन्होंने बताया कि कुछ खिलाड़ी नई भूमिकाओं में उतरेंगी ताकि उनके प्रदर्शन का आकलन किया जा सके।
प्रतियोगिता के पहले दिन एशिया की शीर्ष रैंकिंग प्राप्त टीम चीन का मुकाबला थाईलैंड से होगा। इसके बाद भव्य उद्घाटन समारोह संपन्न होगा और फिर भारतीय टीम अपने अभियान का आगाज मलेशिया के खिलाफ करेगी।
भारत अपना दूसरा मुकाबला 21 नवंबर को दक्षिण कोरिया के खिलाफ खेलेगा। इसके बाद 22 नवंबर को थाईलैंड, 24 नवंबर को चीन और 25 नवंबर को लीग चरण का अंतिम मैच जापान के साथ होगा।लीग दौर के मुकाबलों के बाद 27 नवंबर को सेमीफाइनल मैच खेले जाएंगे। वहीं, टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले और तीसरे स्थान के लिए भिड़ंत 28 नवंबर को आयोजित होगी।
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप टिर्की ने विश्वास जताया कि घरेलू समर्थकों के बीच खेलना खिलाड़ियों के लिए बड़ी प्रेरणा साबित होगा और टीम शानदार प्रदर्शन कर देश का मान बढ़ाएगी।महासचिव भोला नाथ सिंह ने भी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मध्य प्रदेश बेहतरीन हॉकी मुकाबलों की मेजबानी करने जा रहा है और मौजूदा चैंपियन होने के नाते टीम अपनी लय बरकरार रखेगी।
इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के लिए चुनी गई 15 सदस्यीय भारतीय टीम में गोलकीपर के रूप में बंसरी सोलंकी और बिचू देवी खरीबाम को शामिल किया गया है।डिफेंडर की जिम्मेदारी निक्की प्रधान, ज्योति, ज्योति सिंह, सुशीला चानू, ललथांतलुआंगी और पूजा साहू संभालेंगी।
मिडफील्ड संभालन के लिए रुतुजा दादासो पिसाल, सुनेलिता टोप्पो, कप्तान सलीमा टेटे, नेहा, साक्षी राणा, बलजीत कौर और इशिका को जगह मिली है।फॉरवर्ड पंक्ति में नवनीत कौर, दीपिका, ब्यूटी डुंगडुंग, लालरेमसियामी और मुमताज खान विपक्षी डिफेंस की परीक्षा लेंगी।













