नई दिल्ली, 10 नवंबर।
राजधानी नई दिल्ली में आयोजित 47वीं विश्व आर्म रेसलिंग और 28वीं विश्व पैरा आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने अभूतपूर्व सफलता हासिल की है। कुल 65 देशों के बीच कड़ी टक्कर के बीच भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांचवां स्थान प्राप्त किया है।
घरेलू धरती पर पहली बार आयोजित इस महामुकाबले में भारतीय दल ने कुल 59 पदकों पर अपना कब्जा जमाया। इनमें 9 स्वर्ण, 19 रजत और 31 कांस्य पदक शामिल हैं, जिसने देश का मान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ा दिया है।
पीपुल्स आर्म रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया और प्रो पंजा लीग ने आगामी तीन वर्षों में शीर्ष पांच में पहुंचने का लक्ष्य तय किया था। हालांकि, भारतीय जांबाजों ने इस मुकाम को तय समय से तीन साल पहले ही हासिल कर दिखाया।
इस ऐतिहासिक सफलता में देश के पैरा एथलीटों ने बेहद अहम भूमिका निभाई है। पैरा खिलाड़ियों ने अपने दम पर 2 स्वर्ण, 10 रजत और 14 कांस्य समेत कुल 26 पदक झटके और पैरा वर्ग की तालिका में पांचवां स्थान दिलाया।
इसके अलावा सब-जूनियर, जूनियर और युवा वर्ग के उभरते खिलाड़ियों ने 3 स्वर्ण, 8 रजत और 9 कांस्य सहित 20 पदक अपने नाम किए। मास्टर्स एवं ग्रैंड मास्टर्स वर्ग के दिग्गजों ने भी 4 स्वर्ण, 1 रजत और 7 कांस्य पदक देश की झोली में डाले।
ग्रैंड मास्टर महिला 80 किलोग्राम वर्ग में जिन्सीमोल सेबेस्टियन ने दोनों हाथों से स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। वहीं, योगेश चौधरी और शौकत वीटी ने भी अपने-अपने मुकाबलों में बेहतरीन खेल दिखाते हुए स्वर्ण और कांस्य पदक जीते।
प्रो पंजा लीग की सह-संस्थापक प्रीति झांगियानी और परवीन डबास के अथक प्रयासों से देश में आर्म रेसलिंग को पेशेवर पहचान मिली है। उनके नेतृत्व में रूस, कजाकिस्तान, तुर्किये और जॉर्जिया जैसे दिग्गज देशों के बीच भारत ने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।
प्रतियोगिता का अगला संस्करण वर्ष 2027 में कनाडा में आयोजित किया जाएगा। वहीं, देश में प्रो पंजा लीग का अगला रोमांचक चरण आगामी 28 नवंबर से पुणे में शुरू होने जा रहा है।













