नई दिल्ली, 18 मार्च।
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रैड हैडिन को न्यू साउथ वेल्स (एनएसडब्ल्यू) पुरुष टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है और वे जून से अपना कार्यभार संभालेंगे।
हैडिन ग्रेग शिप्पर्ड की जगह लेंगे, जिनका कार्यकाल उनके अनुबंध में एक साल शेष रहते हुए ही समाप्त कर दिया गया था। 48 वर्षीय हैडिन नवंबर 2014 में क्रिकेट न्यू साउथ वेल्स के लिए अपना आखिरी मैच खेलने के बाद पहली बार वापसी कर रहे हैं।
हैडिन अपने साथ कोचिंग का व्यापक अनुभव लेकर आए हैं। उन्होंने पहले डैरेन लेहमैन और जस्टिन लैंगर के मार्गदर्शन में ऑस्ट्रेलियाई पुरुष टीम के सहायक और फील्डिंग कोच के रूप में काम किया है। इसके अलावा वह इंडियन प्रीमियर लीग में रिकी पोंटिंग की कोचिंग वाली पंजाब किंग्स के सहायक कोच हैं और इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद में भी सहायक कोच रह चुके हैं।
हैडिन ने कहा, "एनएसडब्ल्यू क्रिकेट मेरे जीवन का अभिन्न हिस्सा रहा है और मुख्य कोच के रूप में टीम में शामिल होना मेरे और मेरे परिवार के लिए गर्व का क्षण है। मैं मौजूदा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के साथ काम करने और एनएसडब्ल्यू क्रिकेट में नई जान फूंकने के लिए उत्सुक हूं।"
क्रिकेट एनएसडब्ल्यू के मुख्य कार्यकारी ली जर्मन ने कहा कि ब्रैड एक सम्मानित कोच हैं, जिनके पास अंतरराष्ट्रीय और फ्रेंचाइजी स्तर का अनुभव है और उन्हें एनएसडब्ल्यू की खेल शैली की गहरी समझ है। उन्होंने कहा कि जून से ब्रैड के साथ काम करने के लिए हम उत्सुक हैं।












