न्यू चंडीगढ़, 01 अप्रैल।
पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर पर आईपीएल मैच के दौरान धीमी ओवर गति बनाए रखने के आरोप में 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। यह कार्रवाई गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेली गई पारी के दौरान की गई।
आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत यह जुर्माना लगाया गया, क्योंकि पंजाब किंग्स अपनी निर्धारित समय सीमा में ओवर पूरे करने में असफल रही। पहले बल्लेबाजी पारी लगभग दो घंटे तक चली, जबकि नियमों के अनुसार 20वां ओवर डेढ़ घंटे के भीतर शुरू होना चाहिए था।
मैच में पंजाब किंग्स ने कुल 14 अतिरिक्त रन दिए, जिनमें 11 वाइड और एक नो-बॉल शामिल था। इस वजह से पारी लंबी हो गई और अंतिम ओवर में टीम को अतिरिक्त फील्डर को इनर सर्कल में रखना पड़ा, जिससे रणनीति पर भी असर पड़ा।












