नई दिल्ली, 31 मार्च।
दिल्ली यूनिवर्सिटी एलुमना टीम ने मेजबान श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज के मैदान में खेले गए फाइनल मुकाबले में विवेकानंद कॉलेज को 6-0 से हराकर पांचवें पीएसपीबी बाबा दीप सिंह महिला हॉकी टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत में सोनू शर्मा और मंजू ने तीन-तीन गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित की, वहीं मजबूत रक्षा पंक्ति ने विपक्षी टीम को गोल करने से पूरी तरह रोका।
फाइनल मैच में डीयू एलुमना टीम की अनुभवी खिलाड़ियों ने हॉकी कौशल और फिटनेस के दम पर युवा विवेकानंद कॉलेज की खिलाड़ियों को कड़ी टक्कर दी। इस प्रदर्शन के लिए मंजू को एसएनएस प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
टूर्नामेंट के दौरान अन्य पुरस्कारों में निधि (श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज) को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर, संगीता यादव (डीयू एलुमना) को सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर और इंदरप्रीत कौर (डीयू एलुमना) को सर्वश्रेष्ठ मिडफील्डर चुना गया। सर्वश्रेष्ठ फॉरवर्ड का अवार्ड सोनू शर्मा को मिला, जबकि टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का सम्मान एकता (विवेकानंद कॉलेज) को दिया गया।
समारोह में पूर्व हॉकी ओलंपिक कप्तान और पदमश्री से सम्मानित ज़फर इक़बाल, दिल्ली शिक्षा निदेशालय के उप-निदेशक (खेल) एस. सुनील, प्रसिद्ध कॉमेंटेटर और पदमश्री डॉ. रवि चतुर्वेदी, राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार विजेता हॉकी इतिहासकार के. अरुमुगम और कॉलेज की डायरेक्टर फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स इंदरप्रीत कौर ने खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पदक प्रदान किए।
इस अवसर पर ज़फर इक़बाल ने सभी खिलाड़ियों को लगातार मेहनत करने की प्रेरणा दी और हॉकी को बढ़ावा देने में आयोजकों के प्रयासों की सराहना की।












