नई दिल्ली, 28 मार्च।
भारतीय महिला हॉकी टीम की स्टार फॉरवर्ड नवनीत कौर को हॉकी इंडिया के आठवें वार्षिक अवॉर्ड्स 2025 में ‘प्लेयर ऑफ द ईयर (महिला)’ का प्रतिष्ठित सम्मान मिला। यह पुरस्कार उन्हें हॉकी इंडिया बलबीर सिंह सीनियर अवॉर्ड के तहत प्रदान किया गया।
नवनीत कौर के लिए बीता साल बेहद शानदार रहा। हैदराबाद में आयोजित एफआईएच हॉकी महिला विश्व कप क्वालीफायर में उन्होंने टीम के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और भारत को रजत पदक दिलाने में मदद की। इस टूर्नामेंट में नवनीत ने चार गोल किए और ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का खिताब भी जीता।
इसके अलावा महिला एशिया कप 2025 में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा, जहां भारत ने रजत पदक अपने नाम किया। इस प्रतियोगिता में नवनीत ने छह गोल किए। इसी दौरान उन्होंने अपने करियर का महत्वपूर्ण मुकाम हासिल किया और 200 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे किए।
पुरस्कार मिलने के बाद नवनीत कौर ने कहा, “इस सम्मान को पाकर मैं बेहद गौरवान्वित महसूस कर रही हूं। यह उपलब्धि मेरी टीम के सहयोग और विश्वास के बिना संभव नहीं होती। मैं हॉकी इंडिया का भी धन्यवाद करना चाहती हूं, जो हर साल खिलाड़ियों को प्रेरित करने वाला मंच उपलब्ध कराता है।”
आगामी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट्स के बारे में नवनीत ने कहा, “नेशंस कप, वर्ल्ड कप और एशियन गेम्स जैसे बड़े टूर्नामेंट हमारे सामने हैं। हमारा कैंप जल्द शुरू होगा और हम अपनी कमजोरियों पर काम कर टीम की तैयारी को और मजबूत करेंगे।”
अपने व्यक्तिगत लक्ष्य पर उन्होंने कहा, “मैं अपने खेल में लगातार सुधार करना चाहती हूं। अभी तक के प्रदर्शन से संतुष्ट हूं, लेकिन आगे और बेहतर करने की गुंजाइश है। बड़े टूर्नामेंट चार साल में एक बार आते हैं, इसलिए मैं अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए पूरी तरह तैयार हूं।”
नवनीत कौर आगामी बड़े टूर्नामेंट्स के लिए पूरी तरह फोकस्ड हैं और भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता दिलाने के लिए प्रतिबद्ध नजर आ रही हैं।












